हम सब मिलकर करें मौसम की अग्रिम चेतावनी अंतर को समाप्त
प्रस्तावना जलवायु परिवर्तन के दौर में बाढ़, सूखा, चक्रवात, लू और अन्य चरम मौसमीय घटनाओं की बढ़ती आवृत्ति हमें समय पर और प्रभावी चेतावनी प्रणालियों की आवश्यकता का एहसास कराती है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन द्वारा दिए गए “Early Warnings for All” के आह्वान के अनुरूप, यह लेख मौसम की अग्रिम चेतावनी सेवाओं के महत्व, भारत मौसम विज्ञान विभाग की भूमिका तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर चेतावनी पहुँचाने के प्रयासों पर प्रकाश डालता है। आशा है कि यह लेख पाठकों को मौसम चेतावनी सेवाओं की उपयोगिता और उनके सामाजिक महत्व को समझने में सहायक होगा। मूल लेख हर साल 23 मार्च को " विश्व मौसम विज्ञान दिवस " के रूप में मनाया जाता है , ताकि 1950 में स्थापित विश्व मौसम विज्ञान संगठन (वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल ऑर्गनाइजेशन : WMO) की स्थापना को याद किया जा सके। वर्ष 2025 के लिए इस दिन का विषय था – “ हम सब मिलकर करें अग्रिम चेतावनी अंतर को समाप्त ” । यह विषय इस बात को दर्शाता है कि पूरी दुनिया मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहती है कि पृथ्वी का हर व्यक्ति ऐसी चे...